Maharashtra FDA Action: दिवाली के त्योहार पर मिठाइयों और पकवानों की मांग बढ़ने के साथ ही खाद्य पदार्थों में मिलावट और सुरक्षा को लेकर महाराष्ट्र सरकार ने सख्त कदम उठाए हैं। महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने राज्यभर में विशेष अभियान चलाकर 105 खाद्य कारोबारियों के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं, जबकि सात प्रतिष्ठानों को तत्काल बंद करने का आदेश दिया गया है।

महाराष्ट्र में मिलावट के खिलाफ FDA की बड़ी कार्रवाई
FDA की ओर से 4 और 5 नवंबर को चलाए गए विशेष दिवाली अभियान के दौरान राज्य के अलग-अलग हिस्सों में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई। इस कार्रवाई में अकेले मुंबई के 28 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए गए।
कार्रवाई की जद में क्विक-कॉमर्स प्लेटफॉर्म Zepto और Blinkit के अलावा बिरयानी बाय किलो, टॉसिन पिज्जा और जंबो बर्गर जैसे लोकप्रिय फूड आउटलेट्स भी आए।

राजधानी बिरयानी सेंटर समेत सात प्रतिष्ठानों पर बंदी
मुंबई के बोरीवली स्थित राजधानी बिरयानी सेंटर को FSSAI के नियमों का उल्लंघन करने के चलते पूरी तरह बंद करने का आदेश दिया गया। वहीं पुणे, अमरावती, मुंबई और कोंकण क्षेत्र में कुल सात प्रतिष्ठानों के खिलाफ बंदी की कार्रवाई की गई।
इसके अलावा नागपुर में डी-मार्ट के एक आउटलेट से लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन पाए जाने पर रिफाइंड सोयाबीन तेल जब्त किया गया।

1.35 करोड़ रुपये से ज्यादा का संदिग्ध खाद्य स्टॉक जब्त
इस विशेष अभियान के दौरान 69 से अधिक प्रतिष्ठानों से 1 करोड़ 35 लाख रुपये से ज्यादा मूल्य का संदिग्ध, असुरक्षित और मिलावटी खाद्य स्टॉक जब्त किया गया।
कार्रवाई के दौरान तीन FIR दर्ज की गईं, दो लोगों को गिरफ्तार किया गया और दो वाहनों को भी जब्त किया गया। FDA की इस कार्रवाई का उद्देश्य त्योहार के दौरान लोगों तक सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ पहुंचाना है।
FDA आयुक्त तुकाराम मुंडे की कारोबारियों को चेतावनी
महाराष्ट्र FDA आयुक्त तुकाराम मुंडे ने साफ चेतावनी दी है कि लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वाले कारोबारियों को बख्शा नहीं जाएगा। खाद्य सुरक्षा कानून के तहत असुरक्षित खाद्य पदार्थ बेचने के मामलों में आजीवन कारावास और 10 लाख रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है।
त्योहारों के मौसम में मिठाइयों, तेल, नमकीन और दूसरे खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती है।
अब सवाल यह है कि महाराष्ट्र FDA की इस कार्रवाई के बाद क्या मिलावटखोरों पर प्रभावी रोक लग पाएगी और क्या आम लोगों को त्योहारों में सुरक्षित मिठाइयां और खाद्य पदार्थ मिल सकेंगे?
