हाइलाइट्स
-
गंजबासौदा के पटाखा बाजार में लगी भीषण आग।
-
आग में चार दुकानें जलकर खाक।
-
दो बाइक और एक स्कूटर भी जले।
-
दमकलों ने समय रहते आग पर पाया काबू।
-
कलेक्टर अंशुल गुप्ता मौके पर पहुंचे, कोई जनहानि नहीं।
MP Breaking News: विदिशा। मध्य प्रदेश के विदिशा जिले के गंजबासौदा में गुरुवार शाम पटाखा बाजार में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और एक के बाद एक आसपास की तीन दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में चार दुकानें जलकर खाक हो गईं, जबकि पास में खड़ी दो बाइक और एक स्कूटर भी आग की चपेट में आ गए। गनीमत रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई।
घटना गुरुवार शाम करीब 6 बजे बरेठ रोड स्थित नवीन बस स्टैंड के पास बने पटाखा बाजार की है। आग लगते ही बाजार में अफरा-तफरी मच गई। पटाखों की दुकानों में आग फैलने के डर से लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।
Gold Silver Price Crash: धनतेरस से पहले सोना ₹1,400 और चांदी ₹4,400 सस्ती, क्या खरीदारी का सही मौका?
एक दुकान से शुरू हुई आग, चार दुकानें आईं चपेट में
प्रशासन ने बरेठ रोड नवीन बस स्टैंड के पास पटाखों की बिक्री के लिए बाजार लगवाया है। गुरुवार शाम यहां अचानक एक दुकान में आग लग गई। दुकान में पटाखे रखे होने के कारण आग तेजी से फैलने लगी और पास की तीन अन्य दुकानों तक पहुंच गई।
आग की लपटें उठती देख बाजार में मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। कुछ ही देर में चार दुकानें आग की चपेट में आ गईं। आसपास खड़े दो बाइक और एक स्कूटर भी जल गए।
दमकलों को बाजार के अंदर पहुंचने में लगे 20 मिनट
आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके के लिए रवाना हुईं। हालांकि, दमकल वाहनों को बाजार के अंदर पहुंचने में करीब 20 मिनट का समय लगा। इसके बाद दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया और समय रहते आग पर काबू पा लिया।
इस घटना में चार दुकानों और वाहनों को नुकसान पहुंचा है, लेकिन राहत की बात यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। मौके पर पुलिस बल भी तैनात रहा।
कलेक्टर अंशुल गुप्ता ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा
घटना की जानकारी मिलने के बाद शाम को विदिशा कलेक्टर अंशुल गुप्ता भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और स्थिति की जानकारी ली। आग लगने के बाद प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर मौजूद रही।
8th Pay Commission: जनवरी 2027 से DA में 4% बढ़ोतरी? 67% तक पहुंच सकता है महंगाई भत्ता
बल्ब के होल्डर में लगी चिंगारी से भड़की आग?
व्यापारी राकेश प्रजापति के अनुसार, उनकी दुकान में लगे एक बल्ब के होल्डर में सबसे पहले आग लगी थी। इसके बाद चिंगारी दुकान में रखे पटाखों तक पहुंच गई और आग तेजी से फैल गई।
प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग की वजह माना जा रहा है। हालांकि, आग लगने के सही कारण की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
पटाखा बाजार में आवंटित हैं 257 दुकानें
गंजबासौदा के इस पटाखा बाजार में प्रशासन की ओर से कुल 257 दुकानों का आवंटन किया गया है। इनमें से करीब 100 दुकानें लग चुकी हैं। ऐसे बाजार में आग लगने की इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चिंता बढ़ा दी है।
फिलहाल इस हादसे में चार दुकानें और तीन वाहन आग की चपेट में आए हैं। राहत की बात यही रही कि आग पर समय रहते काबू पा लिया गया और किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
