Illegal Electricity Connection: भोपाल। भोपाल के करौंद इलाके में बिजली चोरी का एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने बिजली कंपनी के अधिकारियों को भी चौंका कर रख दिया। एक महिला ने अपने घर की दीवार में सेंध लगाकर पास लगे ट्रांसफार्मर की लो टेंशन (एलटी) बुशिंग से सीधे तार जोड़ लिया था और लंबे समय से अवैध रूप से बिजली इस्तेमाल कर रही थी। जांच के दौरान कंपनी की टीम ने इस पूरे नेटवर्क का खुलासा किया। लेकिन खास बात यह है कि इसी महिला पर पहले भी दो बार बिजली चोरी के मामले दर्ज हो चुके हैं।
दीवार में सेंध लगाकर ट्रांसफार्मर से जोड़ा सीधा कनेक्शन
ऐसा बताया जा रहा है कि मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी की टीम जब करौंद क्षेत्र में जांच के लिए पहुंची तो एक घर में बिजली चोरी का अनोखा तरीका सामने आया। महिला आबिदा ने घर की दीवार में सेंध बनाकर ट्रांसफार्मर की एलटी बुशिंग से सीधे तार जोड़ रखा था। इसी अवैध कनेक्शन के जरिए घर में बिजली का उपयोग किया जा रहा था।
BAT-BMS App Ban: केंद्र सरकार का बड़ा एक्शन, ई-रिक्शा रोकने वाले चीनी ऐप्स हटाए गए
तीसरी बार पकड़ी गई बिजली चोरी
बिजली कंपनी के अनुसार महिला वर्ष 2021 और 2024 में भी बिजली चोरी करते हुए पकड़ी जा चुकी है। पिछले छह वर्षों में यह तीसरी बार है जब उसके खिलाफ बिजली चोरी का मामला दर्ज किया गया है। कंपनी ने इस बार भी कार्रवाई करते हुए करीब 1.5 लाख रुपये का आकलन बिल जारी किया है।
कार्रवाई के दौरान इंजीनियर को दी धमकी
कंपनी के डीजीएम डी.के. तिवारी ने बताया कि कार्रवाई के दौरान महिला के बेटे ने करौंद जोन के सहायक अभियंता महेश कोली को जान से मारने और भविष्य में कार्रवाई करने पर हाथ-पैर तोड़ने की धमकी दी। इस मामले में निशातपुरा थाने में सरकारी कार्य में बाधा और धमकी देने की धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
ट्रांसफार्मर से सीधे बिजली लेना बेहद खतरनाक
अधिकारियों के अनुसार ट्रांसफार्मर की एलटी बुशिंग से सीधे बिजली लेना सिर्फ गैरकानूनी ही नहीं, बल्कि बेहद जानलेवा भी है। इससे करंट लगने, आग लगने और ट्रांसफार्मर के खराब होने जैसी गंभीर घटनाएं हो सकती हैं। बिजली कंपनी ने लोगों से अपील की है कि इस तरह के अवैध कनेक्शन से दूर रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत विभाग को दें।
Bageshwar Dham: बागेश्वर धाम में पंडाल के नीचे दो शव मिलने से सनसनी, श्रद्धालुओं में दहशत