LPG Price Update: भोपाल। महीने की शुरुआत में ही होटल, रेस्टोरेंट और कैटरिंग कारोबार से जुड़े लोगों को राहत मिली है। 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम मध्य प्रदेश में 190 से 194 रुपए तक कम हो गए हैं। वही भोपाल में अब यह सिलेंडर 2743 रुपए में मिलेगा, जबकि इंदौर में इसकी कीमत 2846 रुपए हो गई है।
गैस के दाम कम होने से होटल और रेस्टोरेंट संचालकों के साथ कैटरिंग कारोबारियों को भी राहत मिलने की उम्मीद है। कारोबारियों का कहना है कि पिछले कुछ महीनों में गैस के दाम बढ़ने से उनका खर्च काफी बढ़ गया था। इसका असर खाने और कैटरिंग के रेट पर भी पड़ा था।
ये भी पढ़ें:- Bhopal BMC Action: भोपाल में घरों में दुकान-होटल चलाने पर कार्रवाई, 15 से ज्यादा जगहों पर ताले; पार्षद पति से बहस
कई जगह खाने के रेट बढ़े थे
कमर्शियल LPG महंगा होने के बाद होटल, रेस्टोरेंट और कैटरिंग से जुड़े कारोबारियों ने खाने के रेट बढ़ाए थे। कुछ जगहों पर खाने और कैटरिंग की कीमतों में 10 से 15 फीसदी तक बढ़ोतरी हुई थी।
अब सिलेंडर सस्ता होने के बाद कारोबारियों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में लागत कुछ कम होगी। इसका फायदा ग्राहकों को भी मिल सकता है और खाने-पीने की चीजों के रेट में राहत देखने को मिल सकती है।
ये भी पढ़ें:- Bhopal Farmers Protest: भोपाल में 3 दिन चला किसान आंदोलन खत्म, सरकार ने 60% मूंग खरीदी की मानी मांग, खाद का ई-टोकन भी स्थगित
तीन महीने पहले 3300 रुपए तक पहुंचा था दाम
कारोबारियों के मुताबिक, करीब तीन महीने पहले ईरान-अमेरिका तनाव के दौरान कमर्शियल LPG की कीमतों में तेजी आई थी। कई शहरों में 19 किलो के सिलेंडर का दाम 3300 रुपए से ज्यादा पहुंच गया था।
कारोबारियों का कहना है कि इससे पहले सिलेंडर करीब 1800 से 2000 रुपए के आसपास मिल रहा था। अचानक कीमत बढ़ने से होटल और कैटरिंग कारोबार का खर्च बढ़ गया था।
रीवा में सबसे महंगा, शाजापुर में सबसे सस्ता
मध्य प्रदेश में नए रेट के हिसाब से रीवा में कमर्शियल LPG सिलेंडर सबसे महंगा 2991.50 रुपए का हो गया है। सिंगरौली और नरसिंहपुर में इसकी कीमत 2989.50 रुपए, जबकि सतना में 2989 रुपए है। वहीं शाजापुर में सिलेंडर सबसे सस्ता 2749.50 रुपए में मिलेगा।
कैटरिंग के खर्च पर भी पड़ा था असर
कैटरिंग कारोबारियों का कहना है कि गैस महंगी होने का सीधा असर शादी और दूसरे आयोजनों के बजट पर पड़ा था। कारोबारियों के मुताबिक, करीब 500 लोगों के 5 लाख रुपए के भोजन आयोजन की लागत गैस के दाम बढ़ने के बाद 45 से 50 हजार रुपए तक बढ़ गई थी।
इस वजह से कई कैटरर्स को प्रति प्लेट के रेट बढ़ाने पड़े थे। अब कमर्शियल LPG सस्ता होने से कारोबारियों को उम्मीद है कि आयोजन की लागत में कुछ कमी आएगी और इसका असर धीरे-धीरे ग्राहकों को मिलने वाले रेट पर भी दिख सकता है।