Outsourced Staff Salary Protest: मध्यप्रदेश। रीवा के संजय गांधी अस्पताल में सोमवार को आउटसोर्स कर्मचारियों का गुस्सा फूट पड़ा। पिछले दो महीने से वेतन नहीं मिलने से नाराज कर्मचारियों ने अस्पताल परिसर में हड़ताल शुरू कर दी। वार्ड बॉय, सफाई कर्मचारी, सिक्योरिटी गार्ड, कंप्यूटर ऑपरेटर समेत बड़ी संख्या में कर्मचारी प्रदर्शन में शामिल हुए।
बोले- घर चलाना हो गया मुश्किल
कर्मचारियों का कहना है कि लगातार दो महीने से सैलरी नहीं मिलने के कारण परिवार चलाना मुश्किल हो गया है। कई लोग कर्ज लेकर घर का खर्च चला रहे हैं। बच्चों की पढ़ाई, किराया, बिजली बिल और रोजमर्रा के खर्च पूरे करना भी मुश्किल हो गया है।
वेतन और एरियर की कर रहे मांग
प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने बकाया वेतन और एरियर का जल्द भुगतान करने की मांग की। उनका कहना है कि अगर जल्द उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
कर्मचारियों ने कंपनी पर लगाए आरोप
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे राहुल प्रसाद सोंधिया ने आरोप लगाया कि कंपनी पिछले दो महीने से वेतन नहीं दे रही है और एरियर का भुगतान भी लंबित है। कई बार शिकायत करने के बाद भी कोई समाधान नहीं निकला।
कंपनी ने बताई अपनी मजबूरी
वहीं, कंपनी के मैनेजर विश्वास का कहना है कि मेडिकल कॉलेज की ओर से कंपनी का करीब 12 करोड़ रुपये का भुगतान अभी तक नहीं किया गया है। इसी वजह से कर्मचारियों का वेतन जारी नहीं हो सका।
अस्पताल की सेवाओं पर पड़ सकता है असर
आउटसोर्स कर्मचारियों की हड़ताल का असर अस्पताल की कई सेवाओं पर पड़ सकता है। हालांकि अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि व्यवस्थाएं बनाए रखने की कोशिश की जा रही है, ताकि मरीजों को ज्यादा परेशानी न हो।