Bageshwar Dham: बागेश्वर धाम में पंडाल के नीचे दो शव मिलने से सनसनी, श्रद्धालुओं में दहशत

Bageshwar Dham: छतरपुर। छतरपुर के मशहूर बागेश्वर धाम गढ़ा में शुक्रवार सुबह उस वक्त माहौल अचानक बिगड़ गया जब प्रवचन पंडाल के नीचे दो अज्ञात लोगों के शव पड़े मिले। जैसे ही यह खबर फैली, पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और श्रद्धालुओं के बीच दहशत का माहौल बन गया। लोग कुछ समझ पाते उससे पहले ही मौके पर भीड़ जमा हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही बमीठा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। शुरुआती कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया गया है।

ये भी पढ़ें:- Kaushambi LPG Tanker Blast: कौशांबी हादसे का रोंगटे खड़े कर देने वाला CCTV, गैस रिसाव के बाद आग का भयानक तांडव

सुबह अचानक दिखे शव, लोगों में मची अफरा-तफरी

बताया जा रहा है कि, सुबह जब कुछ लोग प्रवचन पंडाल के आसपास पहुंचे तो उन्हें नीचे दो शव पड़े दिखाई दिए। यह देखकर लोग घबरा गए और तुरंत इसकी जानकारी आसपास के लोगों को दी। कुछ ही मिनटों में मौके पर भीड़ जमा हो गई और पूरे धाम परिसर में यह खबर फैल गई। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद टीम तुरंत मौके पर पहुंची और भीड़ को हटाकर हालात को नियंत्रित किया।

फिर पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की है। साथ ही यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि शव वहां कैसे पहुंचे और किन परिस्थितियों में यह घटना हुई। पुलिस का कहना है कि फिलहाल किसी भी नतीजे पर पहुंचना जल्दबाजी होगी और हर एंगल से मामले की जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ें:- WhatsApp New feature: अब मोबाइल नंबर बताए बिना कर सकेंगे चैट, आया Username फीचर

दोनों शवों की पहचान अभी तक नहीं हुई

जानकारी के मुताबिक, एक मृतक की उम्र करीब 35 वर्ष और दूसरे की लगभग 60 वर्ष बताई जा रही है। हालांकि अभी तक दोनों की पहचान नहीं हो सकी है, जिससे मामला और भी रहस्यमय बना हुआ है। शवों को अस्पताल में सुरक्षित रखवाया गया है और आसपास के थानों को सूचना भेज दी गई है ताकि गुमशुदगी की रिपोर्ट से मिलान किया जा सके।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

पुलिस ने बताया कि मौत के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी कि यह मामला हादसा है, प्राकृतिक मौत है या इसके पीछे कोई और वजह है। फिलहाल पुलिस ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी है और सीसीटीवी फुटेज समेत सभी जरूरी सबूत जुटाए जा रहे हैं।

जांच जारी, कई सवाल अब भी अनसुलझे

इस घटना ने बागेश्वर धाम जैसे बड़े धार्मिक स्थल पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर दोनों व्यक्ति कौन थे, यहां कैसे पहुंचे और उनकी मौत कैसे हुई इन सभी सवालों के जवाब अभी जांच के दायरे में हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले की सच्चाई सामने लाने की कोशिश की जा रही है और जांच तेज़ी से जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *