Satna-Panna Rail Project: पन्ना जिले के लिए बुधवार का दिन ऐतिहासिक बन गया। वर्षों से जिस रेल लाइन का इंतजार किया जा रहा था, वह सपना अब धीरे-धीरे साकार होता नजर आ रहा है। सतना-पन्ना नई रेल परियोजना के तहत पहली बार स्पेशल ट्रायल ट्रेन देवेंद्रनगर स्टेशन पहुंची, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।
12 डिब्बों वाली विशेष ट्रायल ट्रेन के स्टेशन पहुंचते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग ऐतिहासिक पल के गवाह बनने पहुंचे। लोगों ने ट्रेन का गर्मजोशी से स्वागत किया और इस अवसर को विकास की नई शुरुआत बताया।
नगर परिषद अध्यक्ष शिवांगी ललित गुप्ता के नेतृत्व में रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों का शॉल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया गया। स्थानीय नागरिकों ने इसे पन्ना जिले के विकास की दिशा में बड़ा कदम बताया।
ये भी पढ़ें:- मध्यप्रदेश राज्यसभा चुनाव: तीसरी सीट पर फंसा पेंच, महेश केवट की एंट्री से बढ़ा रोमांच
7 किलोमीटर ट्रैक का हुआ निरीक्षण
मध्य परिमंडल के रेल संरक्षा आयुक्त गुरु प्रकाश ने फुलवारी से देवेंद्रनगर के बीच करीब 7 किलोमीटर लंबे नए रेलवे ट्रैक का निरीक्षण किया। इसके बाद स्पेशल ट्रेन के जरिए ट्रैक पर फुल स्पीड ट्रायल भी किया गया। इस दौरान रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और तकनीकी टीम मौजूद रही।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह परीक्षण रेलवे सुरक्षा और तकनीकी मानकों की जांच के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।
ये भी पढ़ें:- 21 साल बाद मध्यप्रदेश में फिर दौड़ेंगी सरकारी बसें, रक्षाबंधन तक शुरू होगी मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा
73 किलोमीटर लंबी है सतना-पन्ना रेल परियोजना
करीब 73 किलोमीटर लंबी सतना-पन्ना रेल परियोजना क्षेत्र में बेहतर आवागमन और विकास के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। रेलवे का अगला लक्ष्य देवेंद्रनगर से सकरिया तक ट्रैक निर्माण पूरा करना है, जहां अक्टूबर तक ट्रायल शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है।
ये भी पढ़ें:- FIFA World Cup 2026 : 21 साल के यूट्यूबर स्पीड का ‘Champions’ बना FIFA World Cup 2026 का अनऑफिशियल एंथम, 35M व्यूज से मचाया धमाल
मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, पूरी सतना-पन्ना रेल परियोजना को मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। ऐसे में देवेंद्रनगर स्टेशन तक पहली ट्रायल ट्रेन का पहुंचना पन्ना जिले के लिए विकास की नई पटरी पर दौड़ने जैसा माना जा रहा है।
वर्षों के लंबे इंतजार के बाद देवेंद्रनगर स्टेशन पर पहुंची पहली ट्रायल ट्रेन ने लोगों में यह भरोसा जगा दिया है कि जल्द ही पन्ना जिले का रेल सपना पूरी तरह साकार होगा और क्षेत्र में विकास की रफ्तार कई गुना बढ़ेगी। Satna-Panna Rail Project